अमर उजाला ब्यूरो
ठठिया (कन्नौज)। बाइक सवार दो युवकों ने एक वृद्धा से 40 हजार रुपये छीन लिए। वृद्धा ठठिया कस्बा स्थित इलाहाबाद बैंक से प्रधानमंत्री आवास की किस्त निकालकर घर जा रही थी। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने वृद्धा को साथ लेकर बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।
ठठिया थानाक्षेत्र के इनायतपुर गांव निवासी विमला देवी त्रिपाठी (70) पत्नी स्व. राजेंद्र प्रसाद को प्रधानमंत्री आवास मिला है। इसकी किस्त इनके बैंक खाते में भेजी गई। शुक्रवार की दोपहर इन्होंने ठठिया कस्बा स्थित इलाहाबाद बैंक की ब्रांच से 40 हजार रुपये निकाले। रुपये झोले में रखकर यह प्राइवेट बस से घर के लिए निकल पड़ीं।
बस ने गांव के लिंक रोड के पास उतार दिया। यहां से यह पैदल घर की ओर जाने लगीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को देखकर उन्होंने घर तक लिफ्ट मांग ली। युवकों ने इन्हें बाइक पर बैठा लिया। यह वृद्धा को सूनसान जगह पर ले जाकर झोला छीनकर भाग निकले। झोले में पास बुक समेत और जरूरी कागजात थे। महिला ने घर जाकर घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद रामपुर गांव के एक युवक ने फोन कर जानकारी दी कि उनकी पासबुक और कुछ जरूरी कागजात एक झोले में मिले हैं। इन्हें विमला के परिजनों ने युवक से ले लिए। विमला देवी ने एसएसआई गीतम सिंह को घटना की तहरीर दी है। एसएसआई ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बाइक सवारों ने वृद्धा से 40 हजार छीने
ठठिया कस्बा स्थित इलाहाबाद बैंक से प्रधानमंत्री आवास की किस्त निकालकर घर लौट रही थी वृद्धा