अमर उजाला ब्यूरो
सौरिख (कन्नौज)। गर्भवती महिलाओं के रजिस्ट्रेशन के नाम पर रुपये वसूलने वाले मैनपुरी जनपद के दो युवकों को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के दौलताबाद गांव में मैनपुरी जनपद के कुरावली कस्बा निवासी जयपाल पुत्र लालाराम व एलाऊ थाने के नगला बलू गांव निवासी अरुण पुत्र सूरज पाल गांव में गर्भवती महिलाओं के रजिस्ट्रेशन फार्म भर रहे थे। यह इनसे प्रति फार्म 70 रुपये जमा करा रहे थे। इसकी जानकारी गांव की आशा को हुई। इन्होंने आशा को बताया कि वह भारत सरकार की तरफ से आए हैं। संदेह होने पर आशा आशादेवी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी को फोन कर मामले से अवगत कराया। चिकित्साधिकारी ने ऐसी किसी टीम के क्षेत्र में होने से इनकार कर दिया।
आशा ने दोनों युवकों से चिकित्साधिकारी से बात करानी चाही तो उन्होंने फोन काट दिया। इस पर ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। उन्हें चौकी इंचार्ज शीलवंत सिंह के हवाले कर दिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि दोनों युवकों को थाने भेज दिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
ठगी कर रहे दो लोगों को किया पुलिस के हवाले