छिबरामऊ। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खरौली में हाईटेंशन लाइन का करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। विद्युत उपकरण छूने से गांव के कई अन्य लोगों को भी करंट के झटके लगे हैं।
ग्राम खरौली निवासी राधाकृष्ण (48) पुत्र श्यामलाल राजपूत रविवार की देर शाम घर के बाहर हैंडपंप में लगी सबमर्सिबल से पानी भर रहा था। हैंडपंप के हत्थे को पकड़ते ही वह करंट का झटका लगने से दूर जा गिरे। उसकी चीखपुकार सुन परिजन दौड़ पड़े और सौ शैय्या अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी सिरसा देवी, पुत्र आशीष व कौशलेंद्र के अलावा पुत्रियां अमिता देवी, अंजू देवी व कल्पना का रो-रोकर बुराहाल हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लाइन बिछने का काम चल रहा है। रविवार को किसी ने गांव में शटडाउन लेकर डीपी से अपना तार जोड़ लिया था। वह तार गांव से निकली हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे पूरे गांव में एचटी लाइन का करंट दौड़ गया। प्रमोद की पत्नी प्रभा देवी पंखे का तार और भगत सिंह को बल्ब लगाते समय करंट का झटका लगा। कई अन्य लोगों को भी इसी तरह झटके लगे।
हाईटेंशन लाइन के करंट से अधेड़ की मौत
खरौली में दौड़ा करंट,कई लोगों झटका भी लगा
अमर उजाला ब्यूरो