छिबरामऊ (कन्नौज)। सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के कसियापुर गांव में दरवाजे पर टेंपो खड़ा करने को लेकर विवाद हो गया। गालीगलौज के साथ हुई मारपीट में महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया। तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कसियापुर निवासी मंगली (35) पुत्र लालाराम ने बताया कि घर के बाहर बच्चे खेल रहे थे। तभी गांव का एक युवक तेज रफ्तार से टेंपो लेकर निकला। उसके भाई राजेश ने धीरे से निकलने की बात कही। इस बात को लेकर टेंपो चालक गालीगलौज करने लगा। टेंपो को उसके दरवाजे पर खड़ा कर दिया। इस दौरान उसने फोन कर अपने अन्य साथी भी बुला लिए। भाई ने गाली देने से मना किया तो इन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। जब वह, पुत्री पिंकी (30), अनुराधा (25) पत्नी दिनेश और शिवकुमार (42) पुत्र श्यामलाल बचाने पहुंचे तो इन लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर सभी को घायल कर दिया। गांव के अन्य लोगों के आ जाने पर हमलावर जानमाल की धमकी देते हुए भाग निकले। घायलों को सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर अनुराधा, मंगली और शिवकुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।