अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद। कैशियर को खुदकुशी करने के लिए उकसाने के आरोपी सपा नेता और शीतगृह मालिक व उनके भाइयों की तलाश में पुलिस ने लखनऊ तक छापेमारी की। उधर मृतक की पत्नी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होेने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
गांव तेरारागी निवासी संजय उर्फ संजू (35) पुत्र रमेश चंद्र अग्निहोत्री जलालाबाद में तिलपई मार्ग पर स्थित श्रीराम शीतगृह में कैशियर था। सोमवार को उसने संजय ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। जेब में मिले सुसाइड नोट में शीतगृह मालिक सपा नेता और जिला पंचायत सदस्य रजनीकांत यादव पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। मृतक की पत्नी ने रजनीकांत, उनके ब्लॉक प्रमुख भाई चंद्रशेखर यादव, छोटे भाई विमलकांत, भूरा समेत और दो अज्ञात पर मारपीट का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ धारा 306 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी रजनीकांत और उसके भाइयों की तलाश में पुलिस ने लखनऊ तक छापेमारी की। शाम सात बजे गांव तिलपई में भी छापा मारा लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। कोतवाल नागेंद्र पाठक ने बताया कि जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
आरोपियों की तलाश में लखनऊ तक छापेमारी
गिरफ्तारी न होने पर मृतक की पत्नी ने दी आमरण अनशन की चेतावनी