अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा(कन्नौज)। बेहरिन गांव में स्थित 33 केवीए विद्युत सब स्टेशन से बहादुरपुर फीडर की आपूर्ति बंद होने से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार विद्युत स्टेशन पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पूरे सब स्टेशन की विद्युत आपूर्ति बाधित कर कर्मचारियों व जेई से गाली-गलौज व अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। जेई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बेहरिन विद्युत सब स्टेशन के जेई वीरबहादुर सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर तिर्वा कोतवाली के मुरैया बुजुर्ग गांव निवासी चंदन उर्फ आकाश ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ विद्युत सब स्टेशन पर सप्लाई न देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
एसएसओ अजय कुमार ने विरोध किया तो गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने कार्यालय में रखा फर्नीचर तोड़ दिया। पूरे विद्युत सब स्टेशन की सप्लाई बाधित कर दी। मामले की सूचना उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक लोग भाग गए। तिर्वा कोतवाल आलोक यादव ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
- सब स्टेशन की विद्युत आपूर्ति ठप कर किया हंगामा
- कर्मचारियों और जेई से की गाली-गलौज, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज