छिबरामऊ (कन्नौज)। शहर के पश्चिमी बाईपास के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर लोधपुर गांव निवासी कुंवरपाल सिंह (35) पुत्र श्रीकृष्ण मंगलवार सुबह आठ बजे कटहल बेचने बाइक से निगम मंडी गए थे। लौटते समय जीटी रोड पर पश्चिमी बाईपास के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे यह उछलकर सड़क पर गिर गए। हादसे में कुंवरपाल सिंह की मौके पर मौत हो गई। इस बीच लोगों की भीड़ जुट गई। चालक कंटेनर को भगा ले गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सौ शैय्या अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। जानकारी पर परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुंवरपाल सिंह की मौत से पत्नी देव कुमारी और बच्चों गौरव (15), सौरभ (13) व पंकज (11) समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत
हादसे से परिजनों में मचा कोहराम