कन्नौज। तीन माह पूर्व ससुराल में हुई वृद्ध की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने डीएम से मांग की है कि कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाए।
गुरसहायगंज कोतवाली के सौंसरापुर गांव निवासी अतीक ने परिवार के लोगों के साथ शनिवार को कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। अतीक ने बताया कि उसके 60 वर्षीय चाचा अकील के कोई संतान नहीं थी। पत्नी नाजमा के दबाव में वह अहमदपुर रौनी ससुराल में रहते थे। करीब तीन माह पूर्व ससुराल में अकील की मौत हो गई। ससुरालीजनों ने शव दफन कर दिया। जानकारी होने पर उसने व परिवार के लोगों ने पूछताछ की तो ससुराल पक्ष के लोग धमकी देने लगे। अतीक व परिजनों ने डीएम से कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान हासिम, सलाउद्दीन, अजहर हसन, अजमल, रेहान और रिजवान मौजूद रहे। डीएम ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
वृद्ध की हत्या का आरोप लगाकर किया प्रदर्शन
कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग