दरोगा ने सिपाही से की मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। पुलिस लाइन की बैरक में सो रहे सिपाही के साथ एक दरोगा ने मारपीट की। इसके बाद जबरिया उसे बैरक से बाहर निकाल दिया। पीड़ित सिपाही ने दरोगा के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही रवींद्र सिंह शनिवार रात मनोरंजन हाल की बैरक में सो रहा था। रात करीब 11 बजे दरोगा राजन लाल बैरक में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसकी मच्छरदानी में लात मार दी। सिपाही के विरोध करने पर दरोगा ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की व जबरन बैरक से बाहर निकाल दिया। सिपाही ने इसका वीडियो भी बना लिया। रविवार सुबह कोतवाली पहुंच कर पीड़ित सिपाही ने दरोगा राजन लाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।