जसोदा स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से शुक्रवार की रात डीजल चोरी हो गया। सुबह जब ड्राइवर गाड़ी लेने के लिए पहुंचा तो डीजल का रिसाव देख डीजल चोरी का शक हुआ। उसने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। बताया कि लगभग 1300 लीटर डीजल चोरी हुआ है। स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी कन्नौज आरपीएफ को दी। जानकारी पाकर मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ इज्जत नगर रामराज ने निरीक्षण किया।
शनिवार की देर शाम जसोदा स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से तकरीबन 1300 लीटर डीजल चोरी हो गया। जिस समय गाड़ी प्लेटफार्म पर खड़ी हुई उस समय गाड़ी में करीब 2900 लीटर डीजल था। सुबह जब ड्राइवर गाड़ी के लिए पहुंचा, तो उसने डीजल कम पाया। इस पर उसने स्टेशन मास्टर को सूचित किया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे आरपीएफ टीम के एसआई संजय कुमार राय ने कहा कि अभी यह बता पाना मुश्किल है कि कितना डीजल चोरी हुआ है। यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। कहा कि मामले की बिंदुवार जांच की जा रही है। इस संबंध में स्थानीय लोगों से भी पूछतांछ की जा रही है। चोरी के मामले में अभी स्टेशन मास्टर राम सजीवन ने मुकदमा दर्ज कराया है।
आशंका जताई कि हाईवे के किनारे खड़े वाहनाें में डीजल चोरी करने वाले गैंग का हाथ इस डीजल चोरी में हो सकता है। इस संबंध में स्टेशन मास्टर जसोदा रामसजीवन से जब बात करने का प्रयास किया तो अखबार का नाम सुनते ही उन्होंने फोन काट दिया।
जसोदा स्टाफ भी जांच के घेरे में
सूत्रों की माने तो इतनी बड़ी चोरी में विभाग के ही किसी कर्मचारी का हाथ संभव है। गाड़ी का इंजन एक कोल्ड स्टोरेज के ठीक सामने था, उससे कुछ ही दूरी पर कुछ लोगाें के निवास स्थान भी हैं और इंजन के खड़े होने से करीब 280-300 मीटर की दूरी पर ही स्टेशन मास्टर का आवास है। आरपीएफ टीम का कहना है कि यह बस बेबुनियाद बातें है, हाईवे पर डीजल चोरी करने वाले गिरोह पर शक है। और रिपेार्ट दर्ज होने के बाद विभाग सभी बिंदुओ पर जांच करेगा।