जसोदा(कन्नौज)। जीटी रोड पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार बहनोई और साले की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बस चालक मौके से भाग निकला। पुलिस को मौके पर हेलमेट नहीं मिला है।
मैनपुरी के थाना कुसमरा गांव अटिया निवासी राजवीर (33) पुत्र रुस्तम पांच फरवरी को ससुराल गुरसहायगंज कोतवाली के सफीपुर जफ्ती एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने आया था। मंगलवार शाम करीब सात बजे वह अपने साले सुमित (23) पुत्र राम विलास के साथ पल्सर बाइक से फर्रुखाबाद में एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। जीटी रोड पर कटरा गांव के पास कन्नौज से दिल्ली जा रही कुंभ सेवा रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। राजवीर और सुमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर गुरसहागयंज कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग निकला। बस में सवार यात्री अजवेश और सतीश ने बताया कि रोडवेज बस को चालक तेजी से चला रहा था। बस में यात्रियों ने उसे रोका भी था, वह नहीं माना। इससे हादसा हो गया।
मातम में बदला खुशियों का माहौल
सड़क हादसे में जीजा बहनोई की मौत की खबर पर खुशियों का जश्न मातम में बदल गया। ढोलक की आवाज बंद हो गई। घर से निकलीं चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। हादसे की जानकारी पर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
हादसे का शिकार हुआ सुमित मुंबई में एक पेट्रोल पंप पर मैनेजर की नौकरी करता था। नौ फरवरी को उसके बड़े भाई अमित पाल की शादी थी। इससे वह घर आया था। मंगलवार को घर में बहू की मुंह दिखाई की रस्म चल रही थी। महिलाएं ढोलक बजाकर नाच-गाना कर रही थीं। इसी दौरान सुमित अपने बहनोई राजवीर के साथ फर्रुखाबाद में रहने वाले रिश्तेदार के घर जाने के लिए बाइक से निकल आया था। सबसे पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बंधवा गया था। यहां से फर्रुखाबाद जा रहा था। तभी रोडवेज बस की टक्कर से दोनों की मौत हो गई। हादसे के दौरान बाइक राजवीर चला रहा था। कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। मृतक राजवीर की पत्नी नीरज देवी ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। छोटा भाई 15 फरवरी को मुंबई जाने वाला था। इसलिए वह कुछ रिश्तेदारों से मिलने की बात कहकर उसके पति के साथ बाइक से निकला था। उसने सपने में भी नहीं सोचा था कि छोटे भाई और पति की एक साथ लाश देखने पड़ेगी।
रोडवेज की टक्कर से साले-बहनोई की मौत
ससुराल से साले के साथ फर्रुखाबाद में एक रिश्तेदार के घर जा रहा था बहनोई, जीटी रोड पर गुरसहायगंज कोतवाली के कटरा गांव के पास हुआ हादसा