तिर्वा। कोतवाली क्षेत्र के वनपुरा नरायनपुर में बेखौफ चोरों ने बंद मकानों को निशान बनाया। तीन घरों से सात लाख के जेवर और नकदी पार कर दी। पुलिस ने जांच शुरू की है।
वनपुरा नरायनपुर निवासी राम अवतार चार जुलाई को परिवार के साथ रिश्तेदार की शादी में गए थे। बुधवार सुबह घर लौटने पर देखा कि चोरों ने ताला तोड़कर तीन लाख के जेवर और 50 हजार रुपये पार कर दिए। वहीं अमरनाथ यात्रा से परिवार के साथ लौटे पंकज कुमार के घर में चोरी हुई।
चोरों ने अलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख के जेवर और 50 हजार रुपये पार कर दिए। जयचरन परिवार के साथ गांव में ही दूसरे मकान में सो रहे थे। उनके मकान का ताला तोड़कर चोरों ने एक लाख के जेवर और 20 हजार रुपये पार कर दिए। कोतवाली प्रभारी रामअवतार ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)