छिबरामऊ। नगर के मोहल्ला सैयदबाड़ा में हाईस्कूल के छात्र ने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगा ली। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
नगर के मोहल्ला सैयदबाड़ा निवासी सदवान (18) पुत्र अफजाल कुरैशी नगर के हीरालाल वीएन इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र है। गुरुवार को उसने खुद को घर के कमरे में बंद कर लिया और पंखे से लटककर फांसी लगा ली। घटना के समय परिजन बाजार गए हुए थे, जब वे लौटकर आए तो युवक का शव फांसी पर लटका हुआ देखा।
आनन-फानन में युवक को फांसी के फंदे से उतारकर परिजन सौ शैया अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि परिजनों ने युवक का दिमागी हालत सही न होने की बात लिखकर दी है, जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।