कन्नौज। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव के जंगल में पुलिस ने छापा मारकर असलहा फैक्टरी पकड़ी। असलहा बना रहे मिस्त्री और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया। मौके पर उपकरण, कई बने और अधबने तमंचे बरामद हुए हैं। पुलिस इस अवैध धंधे में शामिल गिरोह के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
गांव भरौली के जंगल में लगभग 10 दिन से रात में अज्ञात लोगों की चहलकदमी की पुलिस को सूचना मिली थी। इस पर कोतवाली के उप निरीक्षक अजब सिंह और विजेंद्र पाल सिंह ने टीम के साथ घेराबंदी कर दबिश दी। रात में पुलिस के मौके पर पहुंचते ही भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से असलहा बना रहे रनवीर शाक्य निवासी भीकमपुर दुर्गपुर मोहम्मदाबाद फर्रुखाबाद और उसके सहयोगी विक्रम सिंह निवासी भरौली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने छह अधबने तमंचे, 12 तमंचे और एक देसी बंदूक और उपकरण समेत कारतूस बरामद किए। पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि बलरामपुर मोहम्मदाबाद निवासी पप्पू और रामसच्चे निवासी गढ़िया छिबरामऊ उनके साथ थे। यह लोग पुलिस को देखकर भाग गए। एएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि जल्द फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।