सौरिख। छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। आरोपी पीड़िता के घर पहुंचकर दबाव बना रहे हैं। इस पर युवती ने सोमवार को थाने पहुंचकर गिरफ्तारी न होने पर आत्महत्या की धमकी दी।
थाना इलाके के एक गांव की युवती ने बताया कि 17 जून की दोपहर वह घर के बाहर खड़ी थी। उसी समय गांव के शनि चौरसिया ने उसके साथ आपत्तिजनक हरकतें की। कपड़े फाड़ दिए। युवती ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने पर आरोपी दोस्त के साथ उसके घर आया था।
रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि सत्ता पक्ष के दबाव में पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। युवती का कहना है कि पुलिस ने जल्द युवक को गिरफ्तार न किया तो वह आत्महत्या कर लेगी।