छिबरामऊ। मंदिर की जमीन को भूमाफियाओं ने अपने नाम करा लिया। कब्जा करने पर जानकारी हुई तो आसपास रहने वाले लोगों के साथ हिंदू जागरण मंच और भाकियू जिलाध्यक्ष कोतवाली पहुंचे। कब्जे को रोकने के लिए एसडीएम को संबोधित ज्ञापन कोतवाली में दिया है।
रविवार को भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला, हिंदू जागरण मंच के विभाग अध्यक्ष अनुज दुबे, ब्राह्मण महासभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. रजनीश दुबे, पुनीत दुबे सहित मोहल्ला गनेश चौधरी के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर सिटी इंचार्ज विनय शर्मा को ज्ञापन दिया। इसमें अवैध कब्जा रोके जाने की मांग की। लोगों ने बताया कि मोहल्ला गनेश चौधरी में हनुमानगढ़ी के नाम मंदिर की जमीन दर्ज है। नगर पालिका छिबरामऊ में इसका उल्लेख है। भवन कर भी बस्ती के लोग सामूहिक रूप से नगरपालिका में जमा करते हैं। सभी लोगों ने हनुमान ट्रस्ट की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की। इस दौरान डॉ. अभिषेक पाठक, राहुल सिंह ठाकुर, अंजुल दुबे, दिनेश गुप्ता, अभिषेक चतुर्वेदी व मुकेश गुप्ता व गंगेश्वरनाथ मंदिर के महंत प्रेमगिरी मौजूद रहे।
महंत प्रेमगिरी जिलाध्यक्ष मठ मंदिर परिषद कन्नौज ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि छिबरामऊ नगर के प्राचीन हनुमानगढ़ी से संबंधित जमीन को भूमाफियाओं ने फर्जी तरीके से दूसरे समुदाय को बेच दिया है। इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को दंडित किया जाए। ठाकुरद्वारा से संबंधित जमीन को भूमाफियाओं से मुक्त कराया जाए।