तालग्राम। कस्बे के होली मोहल्ला में बच्चों के विवाद में सभासद ने अपने साले के साथ मिलकर बडे़ भाई और भाभी को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
होली मोहल्ला में सतीश चंद्र (42) का कारखाना है। पत्नी सलोनी (40) ने बताया कि मेरे आटा कारखाने के सामने सड़क पार नई बस्ती में देवर राजेश (सभासद) का कारखाना है। रविवार की दोपहर किसी बात पर कारखाने के सामने परिवार के बच्चों में विवाद होने लगा। इस पर मैंने बच्चों को डांटकर शांत करा दिया।
बच्चों को डांटने से नाराज होकर देवर ने अपने साले के साथ मिलकर लोहे की रॉड से मुझे पीट दिया। बचाने आए पति को भी पीटा। इससे हम दोनों लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया।
वहां से सतीश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, दूसरी ओर राजेश पक्ष का कहना है कि बच्चों का विवाद हो रहा था। छुड़ाने गए तो मारपीट की जाने लगी। सीओ शिव प्रताप सिंह का कहना है कि थानाध्यक्ष कृष्ण लाल पटेल मामले की छानबीन कर रहे हैं। सभासद को पूछताछ के लिए लाया गया है।