सौरिख। नादेमऊ गांव में खेत में बने समाधि स्थल को कुछ युवकों ने गिराना शुरू कर दिया। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। दोनों पक्ष से पांच लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
नादेमऊ गांव निवासी आलोक कुमार गुप्ता ने अपने खेत में पिता का समाधि स्थल बनवाया था। आलोक के मुताबिक शुक्रवार को पड़ोस के गांव मधुपुरी के छह-सात लोग आकर समाधि स्थल को गिराने लगे। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर विरोध किया तो दबंगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। बचाने आए दोस्त जितेंद्र उर्फ कल्लू के सिर पर भी प्रहार किया। इससे जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने जितेंद्र व आलोक को अस्पताल भेजा है।
उधर, क्षेत्राधिकारी शिव कुमार थापा ने बताया कि जमीन संबंधी विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन कर दोनों पक्षों के पांच लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की है। घायलों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।