सौरिख (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद की ऑटो मोबाइल्स कंपनी की कार लेकर लखनऊ जा रहे चालक को बदमाशों ने हाथ-पैर बांधकर कार में डाल दिया। इसके बाद सौरिख थाना क्षेत्र के गांव गुबरिया में बबूल के जंगलों में फेंक दिया। कार लेकर फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से चालक ने फोन से कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारियों ने चालक से सौरिख थाने में तहरीर दिलवाई है।
गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी चालक जितेंद्र कुमार सैनी ने सौरिख थाने में दी तहरीर में कहा है कि वह गाजियाबाद में ऑटो मोबाइल्स कंपनी में काम करता है। 24 मई की सुबह तकरीबन 11 बजे कंपनी की कार लखनऊ पहुंचाने के लिए रवाना हुआ।
शाम लगभग 4:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लघुशंका करने के लिए कार रोकी। कुछ ही दूरी पर चार लोग खड़े थे। दोबारा कार में बैठने पर धक्का देकर उतार दिया। हाथ-पैर बांधकर पीछे की सीट पर डाल दिया। मुंह में कपड़ा बांधकर मारपीट की। तमंचे के बल पर इधर-उधर घुमाते रहे। रात लगभग 9:30 बजे सौरिख के गांव गुबरिया के जंगल में फेंक कर कार लेकर भाग गए। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी कोई जानकारी नहीं है। उधर, हाईवे के सुरक्षा अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।