छिबरामऊ। कपड़ा व्यापारी सोहेल उर्फ सोनू की हत्या के मामले में मुख्य हत्यारोपी की तलाश में पुलिस ने मंगलवार को कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के गांव में छापा मारा। दबिश की भनक लगने पर आरोपी भाग निकला।
मोहल्ला चौधरियान में 27 अप्रैल को दो पक्षों के बीच संघर्ष में कपड़ा व्यापारी सोहेल उर्फ सोनू की हत्या कर दी गई थी। चार लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने सात लोगाें के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। इसमें छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने मुख्य हत्यारोपी इरशाद की गिरफ्तारी के लिए उप निरीक्षक दिनेशचंद्र सक्सेना तथा महिला चौकी प्रभारी रजनी बाला के नेतृत्व में टीम को कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद भेजा था। पुलिस ने यहां के एक गांव में छापा मारा। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी भाग गया।
कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मुख्य हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।