छिबरामऊ(कन्नौज)। दबंगों ने फेरी वाले के घर में घुसकर महिलाओं को पीटकर घायल कर दिया। 10 हजार रुपये और महिलाओं के जेवर छीन लिए। जान से मारने की धमकी देकर दबंग भाग गए। घटना के संबंध में पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
चौधरियान मोहल्ला निवासी तैयब शाह ने बताया कि वह कपड़े की फेरी लगाते हैं। सोमवार को फेरी के काम पर निकलने वाले थे। तभी सैय्यदवाड़ा मोहल्ले के चार दबंग घर में घुस आए। गालीगलौज कर मां आमना बेगम, पत्नी हिना, भाभी अफसाना व भाई की पत्नी खुशबू को लाठी-डंडों से मारने-पीटने लगे। भाभी अफसाना को गंभीर चोटें आई हैं। इन्होंने जेब में पड़े 10 हजार रुपये और महिलाओं के जेवर छीन लिए।
घरवालों की चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग बचाने पहुंचे। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। सीओ शिव कुमार थापा का कहना है कि कोतवाल ने घायलों का मेडिकल करवाया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।