छिबरामऊ। डीएम राकेश कुमार मिश्रा के निर्देश के बाद नगर के मुख्य मार्ग पर फैले अतिक्रमण पर प्रशासन की नजर है। 31 दिसंबर को सीमांकन करने के साथ ही अतिक्रमण की जद में आने वाले अवैध निर्माण ध्वस्त कराए जाएंगे।
कोतवाली परिसर में एसडीएम देवेश कुमार गुप्ता ने अतिक्रमण मुद्दे पर व्यापारियों के साथ बैठक की, जिसमें सुझाव मांगे। चेयरमैन राजीव दुबे ने सुबह दस से रात 8 तक पूर्व निर्धारित नो इंट्री का कड़ाई से पालन कराने की मांग रखी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सुरेश वर्मा पेंटर ने साप्ताहिक बंदी के दिन किसी भी दुकानदार का माल न उतरने की बात कही।
व्यापारियों से वार्ता के बाद एसडीएम ने बताया कि सोमवार व मंगलवार को दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए एनाउंसमेंट करवाया जाएगा। उसके बाद बुधवार को व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल के साथ नगर के मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा। गुरुवार को सीमांकन कराने के साथ ही अतिक्रमण की जद में आने वाले अवैध निर्माण ध्वस्त कराए जाएंगे।
एसडीएम ने कहा मुख्य मार्ग पर बनी नाली को पार करने वाले दुकानदारों के साथ ही दुकानों के सामने फुटपाथ पर दूसरी दुकान लगवाकर किराया वसूलने वाले व्यापारियों को नोटिस जारी कर जुर्माना किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका की टीम को सौंपी गई हैं। बैठक में व्यापारी नेता नरेश वर्मा, भाजपा पूर्व जिला कोषाध्यक्ष रामानंद वर्मा, किराना कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व सभासद दिलीप गुप्ता, नीलू दुबे, नगर पालिका परिषद के वरिष्ठ लिपिक राजीव दुबे समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।