छिबरामऊ (कन्नौज)। फर्रुखाबाद जिले के अमन चतुर्वेदी की मौत की गुत्थी पुलिस तीन दिन बाद भी सुलझा नहीं पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कार्बन कॉपी में भी कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है। पुलिस का मानना है कि अब गुत्थी दोस्त अनमोल शुक्ला की गिरफ्तारी से ही सुलझ सकेगी। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।
अमन के पारिवारिक बाबा छन्नू चतुर्वेदी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि शनिवार रात अमन व अनमोल उनके पास आए थे और अपने साथ चलने को कहा था। शराब के नशे में होने के कारण जाने से इंकार कर दिया था। कुएं में अमन का शव मिलने के बाद से अनमोल लापता है। उसकी तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हुई हैं। हरदोई जिले सवायजपुर तहसील क्षेत्र का अनमोल यहां ननिहाल में रह रहा था। सीओ शिव कुमार थापा ने कहाकि अनमोल की भूमिका संदिग्ध लग रही है, उसकी तलाश की जा रही है।
लॉकडाउन में मुंबई से लौटा था अनमोल
ग्रामीणों के अनुसार अमन व अनमोल में गहरी दोस्ती थी। अमन जानवर चराने खेतों पर जाता था तो अनमोल भी उनके साथ होता था। पूरा दिन दोनों साथ रहते थे। अनमोल मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था, वह लॉकडाउन के बाद घर लौटा था।
दम घुटने से हुई थी अमन की मौत
छिबरामऊ। नलकूप के कुएं में मिले अमन चतुर्वेदी की मौत दम घुटने से हुई थी। उसके शरीर पर चोटों के भी निशान मिले हैं। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम की कार्बन कॉपी में हुई है। रिपोर्ट में सब कुछ स्पष्ट समझ न पाने के कारण पुलिस मूल प्रति मिलने के इंतजार में है।
फर्रुखाबाद के ग्राम गदनपुर तुर्रा निवासी अमन चतुर्वेदी (22) शनिवार की देर रात दोस्त अनमोल शुक्ला के साथ घर से निकला था। रविवार को उसका शव नौली गांव से कुछ दूर स्थित नलकूप के कुए में मिला था। एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) ने शव को कुएं से निकाला था। मंगलवार को अमन चतुर्वेदी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कार्बन कॉपी कोतवाली पुलिस को मिली। इस रिपोर्ट के अनुसार अमन की मौत दम घुटने की वजह से हुई है। उसके सिर, गले, मुंह व नाक में चोटों के निशान भी मिले हैं। सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि पोस्टमार्टम की मूल कॉपी आने के बाद चिकित्सकों को दिखाकर परामर्श लिया जाएगा। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।