छिबरामऊ। खेत में शौच गई छात्रा का युवक ने वीडियो बना लिया और फोटो वायरल करने की धमकी देकर छह माह तक दुष्कर्म किया। छात्रा ने विरोध किया तो फेसबुक पर फोटो वायरल कर दी। सोमवार को छात्रा ने कोतवाली जाकर शिकायत की।
मां के साथ कोतवाली पहुंची कक्षा 11 की छात्रा ने कोतवाल शैलेंद्र मिश्रा को बताया कि छह माह पहले खेत पर शौच गई थी। वहां पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसका वीडियो बना लिया। फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार बलात्कार किया है। युवक बार-बार बुलाने लगा तो छात्रा ने विरोध किया, इस पर युवक ने फेसबुक पर फोटो वायरल कर दी। मां ने बताया कि परिजनों से शिकायत करने पर युवक के भाई और बाबा ने घर में घुसकर मारपीट की। अब युवक रास्ता रोककर छात्रा को परेशान कर रहा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि युवक को पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दुष्कर्म पीड़िता ने किया आत्महत्या का प्रयास
तिर्वा। तिर्वा की एक 17 वर्षीय किशोरी ने 27 जून को अशोकनगर निवासी राहुल यादव के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ दीपक दुबे मामले की जांच कर रहे हैं। सोमवार शाम करीब छह बजे पीड़िता किशोरी ने घर में नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सीओ ने बताया कि पीड़िता से पूछताछ की गई है। उसने बताया कि तनाव के चलते उसने आत्महत्या का प्रयास किया है। उसे न्याय का आश्वासन देकर समझाया गया है।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर विधवा को पीटा
छिबरामऊ। सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। वह अपनी नाबाेिलग पुत्री के साथ अकेली रहती है। उसके अकेलेपन का फायदा उठाकर गांव का ही एक युवक ने बीते दिन उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने मारापीटा। गांव के लोगों के आ जाने पर वह जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पीड़ित महिला ने सीओ से कार्रवाई की मांग की है। संवाद