सौरिख। दस दिन पहले क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद के बाद रविवार रात दोनों गांव के युवकों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुुई। एक गांव के तीन युवक घायल हैं। परिजन उपचार के लिए तीनों को कानपुर ले गए हैं।
रविवार रात 11 बजे गांव भटपुरी व सरदापुर के युवकों के बीच मारपीट हुई। दोनों गांवों में हड़कंप मच गया। मारपीट में सरदापुर के तीन युवक घायल हुए। घायलों की तरफ से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि दस दिन पहले दोनों गांव के युवकों का क्रिकेट मैच के दौरान विवाद हुआ था। तभी से दोनों गांव के लड़के एक दूसरे को पीटने के लिए घूम रहे थे।
भटपुरी के युवकों ने डंडा मारकर गिरा दिया : दोनों गांवों के युवकों के बीच मारपीट होने के दौरान वहां से गुजर रहे नगला पीता निवासी रवी को भटपुरी के युवकों ने डंडा मारकर गिरा दिया। उसकी भी जमकर पिटाई की।
वह किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचा और परिजनों के साथ थाने पहुंचा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर रवी को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। थानाध्यक्ष विजय बहादुर वर्मा का कहना है कि पांच नामजद व बीस-पच्चीस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पहले मामले में तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।