कन्नौज। दिवाली के दिन सरेआम गोली मारकर अमन की हत्या को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी और उसके भाई भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनो के कब्जे से पुलिस ने तमंचे भी बरामद किए। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
सदर कोतवाली के तहसीपुर गांव निवासी अमन मिश्रा (18) पुत्र रमेश चंद्र मिश्रा सोमवार दोपहर करीब एक बजे बड़े भाई आकाश मिश्रा के साथ दरवाजे पर बैठा था। तभी रंजिश के चलते पड़ोसी करुणा शंकर, राधा मोहन, अमरनाथ, पुत्रगण श्रीराम, अमित उर्फ रामनरायन, सुमित, पुत्रगण अमरनाथ और आशीष पुत्रगण राधामोहन हाथों में अवैध असलहा व लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए। करूणा शंकर ने अमन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जबकि आकाश मिश्रा को घायल कर दिया था। पुलिस इस मामले में करूणा शंकर पत्नी पूनम, राजनारायण की पत्नी रिचा मिश्रा, राधा मोहन समेत एक अन्य व्यक्ति को पहले ही जेल भेज चुकी है। रविवार को सदर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने मुख्य आरोपी करूणा शंकर और उसके भतीजे अमित उर्फ राजनारायण को कछियापुर पुल के पास गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से एक-एक तमंचा और तीन कारतूस मिले है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने पुलिस कार्यालय में एएसपी विनोद कुमार, सीओ सदर श्रीकांत प्रजापति के साथ खुलासा किया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया। एसपी ने बताया कि आरोपी अमित उर्फ राजनारायण शहर के निजी इंटर कालेज में पढ़ाता भी था।