कन्नौज। अवैध असलहों के प्रदर्शन और फायरिंग के वायरल वीडियो का मामला एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह तक पहुंच गया है। एसपी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच सीओ सिटी श्रीकांत प्रजापति को सौंपी है। वीडियो में युवक अवैध असलाह से फायरिंग करता दिख रहा है। इसके बाद भी पुलिस ने उस पर कार्रवाई नहीं की है। उधर, पूर्व सभासद, उनके भाई समेत चार के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर महिलाओं ने एसपी से मुलाकात की। इन्होंने पूर्व सभासद समेत चारों पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। महिलाओं ने वायरल वीडियो एसपी को दिखाए। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को अहमदी टोला की सभासद तबस्सुम बेगम परिवार की महिलाओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने एसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा। कहा कि मोहल्ले में रहने वाले कुछ लोग असलाह बनाने और तस्करी का धंधा कर रहे हैं। यह कई दिनों से पति मुस्तेहसन समेत परिवार को धमकी दे रहे थे। 28 जुलाई को इसी मामले की पंचायत के दौरान आरोपियों ने खुद फायरिंग कर पति समेत, शोएब हसन, छोटे और वस्सन के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।
सभासद तबस्सुम बेगम ने वायरल हो रहे वीडियो एसपी को दिखाए। इसमें वादी अफरोज का बेटा खुर्शीद और परिवार के कुछ लड़के अवैध असलहों से फायरिंग कर रहे हैं। स्टेटस में भी लिखी धमकी भी दिखाई। तबस्सुम बेगम ने कहा कि पति मुस्तेहसन और परिवार के लोगों को झूठा फंसाया जा रहा है। एसपी ने वायरल वीडियो के मामले की जांच सीओ सिटी श्रीकांत प्रजापति को दी है। सीओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में वीडियो पुराने होने की बात सामने आ रही है। वीडियो में असलहे अवैध नजर आ रहे हैं। इस तरह से दिन में फायरिंग करना इनकी दबंगई की ओर इशारा कर रहा है। मामले की जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी से शिकायत करने पहुंचीं महिलाओं में सल्तनत बानो, नसीमा बेगम, रेशमा, सिमरन और अंजुम बानो शामिल रहीं।