तिर्वा। राजस्व-पुलिस टीम पर हमला करने वाले 12 नामजद समेत 20-25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपियों के यहां दबिश दी लेकिन अधिकतर लोग घर में नहीं मिले। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़कर जेल भेजने की बात कही।
कोतवाली के परसोहा गांव में शनिवार को तहसीलदार अनिल कुमार सरोज के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस टीम अवैध कब्जा हटाने जेसीबी लेकर पहुंची थी। टीम के पैमाइश शुरू करते ही कब्जाधारी भड़क उठे और टीम पर हमला बोल दिया। साथ ही एक झोपड़ी में आग लगा दी। इसमें ऊपर से निकली केबल जल कर नीचे गिर पड़ी। इसमें तहसीलदार बाल-बाल बच गए। कब्जाधारियों का उपद्रव देख टीम वापस आ गई। क्षेत्रीय लेखपाल धर्मवीर ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। इसमें सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के साथ हमला करने पर परसोहा निवासी अजय कुमार, इंद्रकुमार, अमित, मोहित, अश्वनी, राधारानी, शिवशंकर, राजेश, सीता, मीना समेत करीब 20 से 25 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होते ही आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी लेकिन अभी तक कोई पकड़ा नहीं गया था। सीओ दीपक दुबे ने बताया जल्द ही आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।