सौरिख। मां की डांट से क्षुब्ध होकर ननिहाल आए किशोर ने खड़िनी स्थित निचली गंग नहर में पुल से छलांग लगा दी। पुलिस ने गोताखोरों को लगाकर किशोर की तलाश शुरू कराई है।
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के खबरिया गांव निवासी श्यामू उर्फ बाबा (17) पुत्र अरविंद कुमार शुक्रवार को थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव स्थित ननिहाल में नाना नेकराम के यहां आया था। रविवार सुबह बगैर कुछ बताए साइकिल लेकर घर से निकल गया। खड़िनी कस्बे के पास निचली गंगा नहर पुल के पास साइकिल खड़ी कर उसने चप्पलें उतार दीं। इसके बाद नहर में छलांग लगा दी। यह देखकर राहगीरों ने शोर मचाया तो भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई। शाम तक उसका पता नहीं चल सका। घटना के बाद मौके पर ननिहाल पक्ष के लोग और परिजन पहुंच गए।
श्यामू चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का है। मां सीमा ने बताया कि किसी बात को लेकर बेटे को डांट दिया। इससे वह ननिहाल जाने की बात कहकर घर से चला आया था। इसके बाद रविवार को फिर उसने श्यामू को फोन पर डांटा था। इसी बात से वह क्षुब्ध था।
एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई जाएगी।