छिबरामऊ। ग्राम पंचायत सकरावा के कोटेदार के खिलाफ अनाज की कालाबाजारी करने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। कार्ड धारकों की शिकायत पर हुई जांच के बाद कार्रवाई की गई है।
पूर्ति निरीक्षक सियाराम कुरील ने मंगलवार को ग्राम पंचायत सकरावा में कोटेदार ताहिर अली के खिलाफ अनाज की कालाबाजारी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि कार्डधारक सुबोध कुमार, शांति देवी ने प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग व शांति देवी, हाशमी बेगम ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन को शिकायत कर कोटेदार पर राशन न देने और धमकी व अभद्रता की शिकायत की थी।
डीएम राकेश कुमार मिश्र ने टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए थे। टीम की ओर से जांच के दौरान सरकारी राशन दुकान में पांच क्विंटल चावल, 18 पैकेट रिफाइंड, 11 पैकेट चना, 18 पैकेट नमक बाजार में बेचने की पुष्टि हुई। वहीं मौके पर स्टाक में दो क्विंटल गेहूं अधिक, पांच क्विंटल चावल कम, रिफाइंड, तेल, नमक व चने का स्टाक न मिलने पर रिपोर्ट डीएम को भेजी गई थी। इससे कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।