कन्नौज। कंक्रीट मिक्सर ट्रक बेचने के नाम पर मालिक ने एक युवक से 23 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद ट्रक बेचने से मना कर दिया और रुपये भी वापस नहीं किए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के फगुआ भट्ठा निवासी रंजीत सिंह भदौरिया ने सोमवार को सदर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसे कंक्रीट मिक्सर ट्रक खरीदना था। तहसीपुर बरौली निवासी दीपक कुमार तिवारी ने 24 जनवरी 2022 को कंक्रीट मिक्सर ट्रक बेचने की बात कही। इस पर रंजीत ने दीपक को 23 लाख रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद दीपक ने कंक्रीट मिक्सर बेचने से मना कर दिया और रुपये भी वापस नहीं किए। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)