बैंक ऑफ बड़ौदा में सीसीटीवी खंगालते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। कागज लेने घर के अंदर गए आढ़ती की बाहर खड़ी बाइक की डिकी से दस लाख रुपये पार कर दिए गए। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
नगर के मोहल्ला ककरैया निवासी गणेश दुबे की निगम मंडी में आढ़त की दुकान है। गुरुवार को उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा से दस लाख रुपये टैक्स जमा करने और किसानों को देने के लिए निकाले थे। रुपयों को बाइक की डिकी में रखने के बाद वे विशुनगढ़ रोड पर एक आइस्क्रीम पार्लर पर गए थे, यहां से कुछ सामान लेने के बाद अपने घर चले गए। बाइक को घर के बाहर खड़ी कर कागज लेने अंदर चले गए। रुपयों से भरा बैग बाइक की डिकी में ही रखा था। कुछ मिनट बाद जब गणेश की पत्नी शिल्पी की नजर बाइक पर पड़ी तो एक युवक उसमें रखे रुपयों से भरे थैले को निकाल रहा था। शिल्पी ने शोर मचाया तो युवक थैला लेकर सौ मीटर दूर खड़े युवक की बाइक पर बैठकर जीटी रोड की तरफ भाग निकला। गणेश ने युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े।
मामले की जानकारी पाकर एसएसआई पंकज मिश्रा, मेन बाजार चौकी इंचार्ज विनय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। युवकों तक पहुंचने के लिए पुलिस बैंक ऑफ बड़ौदा व अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
विशुनगढ़ रोड पर भी पीछे लगे थे बाइक सवार दो युवक
बैंक से रुपये निकालने के बाद जब गणेश विशुनगढ़ रोड पर स्थित आइस्क्रीम पार्लर से कुछ सामान लेने के लिए गए थे, उस समय भी एक बाइक पर सवार दो युवक उनका पीछा कर रहे थे। इसका खुलासा विशुनगढ़ रोड की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से हुआ है।