कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गुमटिया गांव में आठ माह पहले नाली के विवाद में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने अब रिपोर्ट दर्ज की है। चार सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
12 नंवबर 2021 को सदर कोतवाली क्षेत्र के गुमटिया गांव के रहने वाले रामकिशोर ने सदर कोतवाली पुलिस को नाली के विवाद में मारपीट की तहरीर दी थी। तहरीर में बताया था कि 4 नवंबर 2021 की शाम को घर के बाहर बैठा था कि गांव के ही रूपेश, सर्वेश, छत्रपाल और इंद्रपाल नाली सफाई के विवाद को लेकर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। बीच बचाव में आई मां रामजानकी और भाई नन्हेलाल को भी पीट दिया। आठ माह के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। (संवाद)