छिबरामऊ। प्रसव पीड़ा के दौरान अस्पताल जाते समय संदिग्ध हालात में प्रसूता ने दम तोड़ दिया। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने विवाहिता के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आवास विकास कालोनी निवासी मुकेश पाल की पत्नी प्रियंका (21) को गुरुवार रात प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। अस्पताल जाते समय प्रियंका की मौत हो गई। उधर, सूचना पर प्रियंका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम गुलरिया निवासी प्रियंका के भाई अजय कुमार ने बताया कि 30 मई 2021 को बहन की शादी मुकेश से की थी।
दहेज की मांग पूरी न होने पर सास विमला देवी, ननद रेखा, देवर अंकित, ससुर राम रक्षपाल व पति मुकेश ने जहर देकर प्रियंका की हत्या करने की है। अजय ने इन सबके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ शिवकुमार थापा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।