तालग्राम (कन्नौज)। दिल्ली ले जाकर किशोरी से जबरन देह व्यापार कराने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने अपने पिता, बहन और लखीमपुर खीरी के बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले किसान ने रिपोर्ट में बताया कि दिल्ली में रहने वाली उसकी अविवाहित बहन देह व्यापार करती है। बहला-फुसला कर उसकी 16 वर्षीय बेटी को दिल्ली ले गई। वहां देह व्यापार में धकेल दिया। इसमें कानपुर के नवाबगंज निवासी उसके पिता और लखीमपुर खीरी के पलिया कस्बा निवासी बस चालक गुरुतेज ने सहयोग दिया।
काफी दिनों से बेटी से बात न होने पर खोजबीन की तो 22 जून को लखीमपुर खीरी में गुरुतेज के घर उसकी बेटी मिली। इसके बाद वह बेटी को घर ले आया। बेटी सदमे में है। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।