ठठिया। क्षेत्र के पट्टी गांव में पड़ोसी बच्चों के साथ बकरी चराने गया मासूम नहाते समय तालाब में डूब गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ठठिया थाना क्षेत्र के पट्टी गांव निवासी संतराम बाथम ट्रक चालक हैं। उनकी पत्नी रचना देवी घर में कुछ बकरियों को पाले हुए हैं। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे संतराम का इकलौता बेटा कृष्णा (7) पड़ोसी बच्चों के साथ बकरियों को चराने गांव के बाहर तालाब के पास गया था। गर्मी के चलते अन्य बच्चों के साथ वह तालाब में नहाने लगा। इस दौरान अचानक कृष्णा गहरे पानी में डूबने लगा। यह देखकर बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो पास ही खेतों में काम कर रहे किसान दौड़ पड़े। किसानों ने कृष्णा को बाहर निकाला। परिजन आनन-फानन उसे ठठिया में निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत पर मां रचना और संतराम बेसुध हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।