सौरिख। शादी से कुछ दिन पहले किशोरी पिता की बाइक से शादी का कार्ड लेकर थाने पहुंच गई। परिजनों पर जबरन शादी कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रेमी से शादी न हुई तो वह थाने में ही जहर खाकर आत्महत्या कर लेगी। किशोरी की धमकी सुनकर पुलिस कर्मियों के हाथ पैर फूल गए।
सकरावा चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी की शादी इटावा के ताखा थानांतर्गत एक गांव निवासी युवक के साथ तय हुई है। 13 जून को बरात आनी है। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इसी बीच मंगलवार को किशोरी पिता की बाइक से शादी का कार्ड लेकर थाने पहुंच गई। किशोरी का आरोप है कि परिजन उसकी मर्जी के खिलाफ शादी कर रहे हैं। विरोध करने पर कमरे में बंद कर रखा है। किसी तरह मौका पाकर वह थाने पहुंची है। किशोरी का कहना है कि वह शादी करेगी तो प्रेमी के साथ। अन्यथा थाने में ही जहर खाकर जान दे देगी। पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर घर भेजा। प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि शिकायत के जांच के निर्देश सकरावा चौकी इंचार्ज को दिए हैं।