सौरिख। अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे खनन अधिकारी ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़कर थाने ला रहे थे। उसी समय माफिया ने उनके साथ अभद्रता कर ट्रैक्टर छीन लिए। खनन अधिकारी ने छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर गांव में सोमवार की रात खनन माफिया जेसीबी लगाकर मिट्टी का खनन करा रहे थे। सूचना पर पहुंचे खनन अधिकारी देशराज सिंह शाक्य ने ट्रैक्टरों को पकड़ लिया। पकड़े गए ट्रैक्टरों को थाने ला रहे थे। कार्रवाई की भनक खनन माफिया को लग गई। छह लोग मौके पर पहुंच गए और खनन अधिकारी की कार के सामने बाइकों को लगाकर रोक लिया। अभद्रता करते हुए पकड़े गए ट्रैक्टर छुड़ा ले गए। खनन अधिकारी ने माफिया के खिलाफ अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। (संवाद)