सौरिख। काली बाइक सवार तीन बदमाशों ने डिगरी पुल के पास दिनदहाड़े बाइक सवार दंपती के साथ तमंचे के बल पर लूटपाट की। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से इलाके के लोगों में दहशत है।
ग्राम शरीफपुर निवासी अमलेश कुमार पत्नी सोनी के साथ बाइक से सौरिख बाजार करने आए थे। अचानक अमलेश के दांतों में दर्द होने लगा। सीएचसी से दवा लेकर दोनों घर लौट रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर डिगरी पुल के पास पीछे से आए काली बाइक पर सवार तीन युवकों ने अमलेश को रोक लिया। अमलेश ने बताया कि एक बदमाश ने उसकी बाइक की चाबी छीन ली और दोनों ने उस पर तमंचा लगा दिया। लुटेरों ने सोनी के गले में पड़ा मंगलसूत्र, कानों के कुंडल, मोबाइल और अमलेश के पास से 23 हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों की पिटाई भी की।
इसके बाद लुटेरों ने कुछ दूर पहुंचकर उसकी बाइक की चाबी फेंक दी और भाग निकले। अमलेश ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर लूट की सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक मदनगोपाल गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लुटेरों की तलाश में टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दौड़ लगाई, लेकिन सुराग नहीं लग सका। अमलेश ने बताया कि वे डीएलएड की पढ़ाई के साथ खेती करते हैं। 20 मई को उसकी शादी हुई थी।