ट्रक को उठाती क्रेन और बिखरे आलू के बोरे । संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम(कन्नौज)। शिकोहाबाद से आलू लाद कर बिहार जा रहा ट्रक टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और हेल्पर घायल हो गए।
जिला कुशीनगर के थाना कोशया, गांव कुड़वा निवासी अखिलेश कुमार यादव (35) ट्रक चालक हैं। मंगलवार सुबह शिकोहाबाद से आलू लाद कर समस्तीपुर बिहार जा रहे थे। साथ में हेल्पर कुड़वा निवासी सुखलाल (28) भी थे। मंगलवार सुबह छह बजे के करीब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के तालग्राम थाना क्षेत्र के निकवा गांव के पास अगला टायर फट जाने से ट्रक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रक पलट गया। ट्रक पर लदे आलू भरे बोरे सड़क पर बिखर गए। चालक और हेल्पर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया और नागार्जुना कंस्ट्रक्शन कंपनी (एनसीसी) के गश्ती दल ने घायलों का मौके पर उपचार कराया। ट्रक को क्रेन की मदद टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया गया है। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट मालिक को हादसे की जानकारी दी। दूसरे ट्रक पर आलू लोड कराकर भेज दिया गया है। (संवाद)