कन्नौज। कोतवाली क्षेत्र के मवई रिहायक गांव में चंदा जमा करने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार चल गए। इसमें दोनों पक्षों से नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
क्षेत्र के मवई रिहायक गांव में रविवार को ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इससे सोमवार रात करीब नौ बजे ट्रांसफार्मर ठीक कराने को लेकर गांव के रामानंद ग्रामीणों से चंदा कर रहे थे। चंदा देने को लेकर पड़ोसी रवि से विवाद हो गया। मौके पर दोनों पक्षों के लोग पहुंच गए और देखते-देेखते लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार चल गए। इसमें रामानंद, आलोक, पुष्पा देवी, माधुरी, संगीता और रीता घायल हो गईं। दूसरे पक्ष से रवि, मोहन और वीरेंद्र घायल हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस टीम ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।