छिबरामऊ। शादी के लिए तिलक चढ़ने के बाद युवक को फोन पर लगातार किसी व्यक्ति की ओर से जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। तंग आकर युवक ने शादी से इंकार कर दिया है। लड़की पक्ष ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
क्षेत्र के एक ग्राम निवासी युवक ने बताया कि उसने अपनी बहन की शादी गुरसहायगंज में रहने वाले एक युवक के साथ तय की थी। तिलक 16 अप्रैल को चढ़ गया था और 12 मई को बरात आनी थी। लेकिन किसी अंजान व्यक्ति की ओर से लड़के के मोबाइल पर फोन करके लगातार उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गईं। तंग आकर युवक ने शादी से इंकार कर दिया। अब उसका पूरा परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि उनको तहरीर नहीं मिली है न कोई जानकारी है।