तिर्वा। शादी के दो दिन बाद ही सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे मे लेकर शव को मोर्चरी हाउस मे रखवा दिया।
कोतवाली क्षेत्र के रजईमऊ राजा गांव निवासी शिवा बाथम (20) की शादी ठठिया थाना क्षेत्र के भुन्ना गांव में 22 अप्रैल को हुई थी। सोमवार की सुबह वह दहेज में मिली बाइक से अपनी नानी को छोड़ने के लिए इंदरगढ़ गया था। वापस आतेे समय जैसे ही कस्बे के गांधी चौराहे के निकट पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे टैंकर चालक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिवा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आस पास मौजूद लोगों ने टैंकर चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर मेडिकल कॉलेज के मोचरी हाउस में रखवा दिया। परिजनों ने बताया कि शिवा के पिता बलवीर मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। शिवा भी उनका हाथ बंटा लेता था। शिव के दो छोटे भाई व दो बहनें हैं। पांच भाई बहनों में शिवा ही सबसे बड़ा था। कोतवाल रामअवतार ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।
आंसुओं में घुल गई दुल्हन के हाथों की मेहंदी
शादी के बाद दुल्हन की मेहंदी का रंग हल्का भी नहीं पड़ा था कि सोमवार को शिवा की सड़क हादसे मे मौत हो गई। परिवार में मातम छा गया। वहीं दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है।
हेलमेट में लॉक लगा होता तो बच जाती जान
गांधी चौराहे पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक सवार शिवा हेलमेट तो लगाए था, लेकिन हेलमेट में लॉक नहीं लगा था। इस कारण टक्कर लगते ही हेलमेट निकल गया और टैंकर की जोरदार टक्कर से उसकी मौत हो गई।