छिबरामऊ। नगर के सौ शैया अस्पताल रोड पर मिले शव की शिनाख्त हो गई है। यह शव मैनपुरी के रहने वाले वेल्डर अमित शर्मा का था, जो अपने परिवार के साथ गुरसहायगंज रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। परिजनों का आरोप है कि अमित की हत्या की गई है और उसके शव को यहां पर लाकर फेंका गया है।
सोमवार को मैनपुरी जनपद के कुछ लोग कोतवाली पहुंचे। गाड़ीवान मोहल्ले के रहने वाले कुलदीप ने कोतवाल जयप्रकाश शर्मा को बताया कि रविवार की सुबह सौ शैया अस्पताल रोड पर मिला शव उसके चचेरे भाई अमित शर्मा (40) का था। अमित 21 अप्रैल को पत्नी सुषमा व बच्चों के साथ गुरसहायगंज में रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गाजियाबाद से आया था। अमित गाजियाबाद में इलेक्ट्रिक वेल्डर था। गुरसहायगंज से वह 21 अप्रैल की शाम को अचानक गायब हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला तो 22 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए गुरसहायगंज कोतवाली पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनको टरका दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि रिश्तेदारी में वाद-विवाद के बाद अमित की हत्या की गई है और उसके शव को छिबरामऊ में लाकर फेंक दिया गया। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद ही मामले की रिपोर्ट उसी थाने में दर्ज कराई जाएगी। गुरसहायगंज पुलिस की तरफ से गुमशुदगी दर्ज न करने की जांच कराई जाएगी।
फोटो से की गई शिनाख्त
अमित के परिजनों ने बताया कि जब उनको छिबरामऊ क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली तो उन्होंने मृतक की फोटो देखी। जिसके बाद उसकी शिनाख्त की और फिर वह कोतवाली पहुंच गए।