गुरसहायगंज। कच्ची शराब बनाने वाले अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस पर गिहार बस्ती में कुछ लोगों ने गुलेल से हमला कर दिया। इससे कच्ची शराब बना रहे अपराधी भाग निकले। पुलिस टीम ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
सराय प्रयाग चौकी प्रभारी प्रशांत गौतम ने पुलिस बल के साथ सराय प्रयाग स्थित गिहार बस्ती में कच्ची शराब पकड़ने के लिए छापा मारा। पुलिस को देखते ही कुछ लोगों ने छिपकर गुलेल से हमला कर दिया। इस दौरान थाना मऊ दरवाजा जनपद फर्रुखाबाद निवासी नीरज कुमार को 15 लीटर कच्ची शराब बनाते समय गिरफ्तार कर लिया। वहीं कोतवाली के दरोगा राम मनोज दुबे ने खाड़ेदेवर में छापा मारकर शराब बनाने वालों को तलाश किया। घर में शराब बना रहा बबलू गिहार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि कच्ची शराब बनाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम पर गुलेल से हमला करने वाले लोगों की पहचान कर जेल भेजा जाएगा। (संवाद)