तालग्राम। खेत पर बेहोश मिली किशोरी के मामले में शुक्रवार को एक नया मोड़ आया। पीड़िता की बहन का आरोप है कि पुलिस ने दुष्कर्म की तहरीर को छेड़छाड़ में बदलकर रिपोर्ट दर्ज की है। इधर, गुरुवार देर रात आरोपी युवक ने साथियों के साथ किशोरी और उसके परिजनों को घर पर धमकाया। इधर, थानाध्यक्ष ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
बीती मंगलवार को एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी को कुढ़रा गांव के इंद्रबाबू ने नशीला पदार्थ मिलाकर चाऊमीन खिला दी और उसे खेत पर ले गया। दूसरे दिन सुबह किशोरी बेहोश मिली थी। पुलिस ने इलाज के लिए भेजा था। होश आने पर किशोरी ने अपनी बहन को आपबीती बताई। उपचार के बाद गुरुवार शाम घर लौटने पर आरोपी युवक और उसके परिजनों ने कार्रवाई न करने को धमकाया था। पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन के साथ दुष्कर्म हुआ है। पुलिस ने तीन बार तहरीर बदली और बाद में अपनी मर्जी से तहरीर लिखकर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की है। इधर, पुलिस ने छेड़छाड़ और पॉस्को एक्ट में इंद्रबाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी कमल भाटी का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।