कन्नौज। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने आई युवती को परिजनों ने छुड़ाकर साथ ले जाने का प्रयास किया। साथ में आई महिला सिपाही से भी अभद्रता की। जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस बल को देखकर युवती के परिवार वाले भाग निकले।
ठठिया थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 18 वर्षीय युवती प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक के साथ करीब 15 दिन पूर्व चली गई थी। रविवार को थाने में तैनात महिला सिपाही प्रियंका सिंह युवती का मेडिकल परीक्षण कराने जिला अस्पताल आई थी। युवती के परिजनों को इसकी भनक लग गई और वह जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां परिजनों ने युवती को छुड़ा कर साथ ले जाने का प्रयास किया। महिला सिपाही प्रियंका के विरोध करने पर युवती के भाई ने उससे अभद्रता कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही उप निरीक्षक हेमलता पुलिस बल के साथ पहुंच गईं। पुलिस को देखते ही युवती के परिजन भाग गए। इसके बाद युवती और महिला सिपाही को एसआई राजीव कुमार साथ थाने ले गए। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि महिला सिपाही की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।