गुरसहायगंज। बाइक सवार दो युवकों ने लिफ्ट देकर मदरसा संचालक की जेब काटकर नकदी पार कर दी। इसके बाद कोतवाली के पास छोड़कर बाइक सवार फरार हो गए। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है।
कोतवाली क्षेत्र के मिरगांवा निवासी मुर्तजा मदरसा संचालक हैं। रविवार को वे कस्बे में खरीदारी करने आए थे। मुख्य चौराहे के पास उन्हें दो बाइक सवार युवक मिल गए। दुआ सलाम कर दोनों युवक बातचीत करने लगे। इसके बाद उन्हें सब्जी मंडी तक बाइक से छोड़ने की बात कहते हुए बैठा लिया। बीच में मुर्तजा को बाइक पर बैठा लिया। पीछे बैठे युवक ने उनकी जेब काटकर साढ़े तीन हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद उन्हें कोतवाली के पास जबरिया उतारकर दोनों जेबकतरें बाइक से भाग गए। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि जेबकतरों को गिरफ्तार किया जाएगा।