कन्नौज। शादी में पांच लाख रुपये न मिलने पर लड़के पक्ष के लोगों ने शादी तोड़ दी। काफी समझाने के बाद भी शादी करने में सहमति नहीं बनी। पिता ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कनपटियापुर गांव के रहने वाले रामप्रकाश ने कौशलेंद्र, वर्मा देवी, मोनू, मझिया भारती, पुष्पा और चार अज्ञात बहनों निवासी अखमेलपुर कमालगंज फर्रुखाबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि उन्होंने बेटी की शादी कौशलेंद्र उर्फ सोनू से तय की थी। सगाई की रस्म भी हो चुकी थी।
करीब तीन लाख रुपये भी दिए थे। कुछ दिनों बाद कौशलेंद्र और उनकी मां वर्मा देवी दहेज में पांच लाख रुपयों की मांग करने लगे। रुपयों का इंतजाम न होने पर शादी करने से इनकार कर दिया। सदर कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।