छिबरामऊ (कन्नौज)। क्षेत्र के कल्यानपुर गांव की महिला प्रधान के घर पहुंचकर पूर्व प्रधान के भतीजे ने रविवार देर रात जमकर गालीगलौज की। युवक ने अखिलेश की सरकार आने पर पूर्व प्रधान के घर को खुदवाकर तालाब बनवाने की धमकी दी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है। पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर की प्रधान प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि रविवार की रात लगभग दस बजे के करीब पूर्व प्रधान का भतीजा मंटू यादव उनके घर आया और जमकर गालीगलौज की। मंटू ने अखिलेश सरकार बनने पर उसके घर को खुदवाकर तालाब बनाने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ग्राम प्रधान ने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन युवक उनके हत्थे नहीं चढ़ा।
प्रधान ने आरोप लगाया कि 16 दिसंबर को पंचायत घर की जमीन की पैमाइश के दौरान भी पूर्व प्रधान के भाई ने उनके साथ गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी रिपोर्ट उन्होंने कोतवाली में दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अब उनको जान का खतरा बना हुआ है। देर रात प्रधान प्रतिनिधि नीतेश कुमार ने कोतवाली में आरोपी युवक के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि युवक की तलाश कराई जा रही है। 16 दिसंबर की घटना में आरोपी पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।